BIHAR, बैडमिंटन

आरा में 14 जुलाई से बिहार राज्य जूनियर बैडमिंटन रैंकिंग प्रतियोगिता, चयनकर्ताओं की रहेगी नजर

बिहार बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में 14 से 18 जुलाई तक आरा में द्वितीय बिहार राज्य जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। भोजपुर जिला बैडमिंटन संघ की मेजबानी में होने वाली इस प्रतियोगिता में अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग की एकल, युगल और मिश्रित युगल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। खिलाड़ियों को अधिकतम तीन स्पर्धाओं में भाग लेने की अनुमति दी गई है। आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए आयु सत्यापन से संबंधित दस्तावेज, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर भुवनेश्वर में आयोजित होने वाली ईस्ट जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए बिहार टीम का चयन भी किया जाएगा।

[news_related_post]

इससे पहले सत्र की पहली राज्य जूनियर रैंकिंग प्रतियोगिता पूर्णिया में आयोजित हुई थी, जिसमें कटिहार की सौम्या भारती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन खिताब अपने नाम किए थे। वहीं अंडर-17 बालक वर्ग में समस्तीपुर के इशांत राज ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *