INDIA, Sports News

अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धियों पर हेमचंद यादव विश्वविद्यालय ने जताया गर्व

हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग ने अपनी पूर्व छात्रा एवं अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव की शानदार उपलब्धियों पर उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. (प्रो.) संजय तिवारी, कुलसचिव भूपेन्द्र कुलदीप तथा खेल संचालक डॉ. दिनेश कुमार नामदेव ने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम का लगातार प्रतिनिधित्व कर विश्वविद्यालय और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है।

ज्ञानेश्वरी यादव ने वर्ष 2022-23 में उत्तर-पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयीन प्रतियोगिता, अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीन प्रतियोगिता तथा खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेलों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। खेलो इंडिया विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का सम्मान भी मिला। इसी वर्ष जर्मनी में आयोजित विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप में उन्होंने रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के लिए वर्ष 2025 में रायपुर में आयोजित राज्य अलंकरण समारोह के दौरान उन्हें उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन द्वारा छत्तीसगढ़ का प्रतिष्ठित गुंडाधुर पदक प्रदान किया गया। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं भी दे रही हैं।

[news_related_post]

हाल ही में आयोजित एशियाई वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में 53 किलोग्राम वर्ग में ज्ञानेश्वरी ने कुल 194 किलोग्राम भार (स्नैच 88 किग्रा एवं क्लीन एंड जर्क 106 किग्रा) उठाकर कांस्य पदक हासिल किया। वहीं स्नैच स्पर्धा में 88 किलोग्राम भार उठाकर उन्होंने रजत पदक भी जीता।

इसके अलावा आईबीएफसी यूनिवर्सल कप 2026 में 53 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने भारतीय टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अब वे आगामी 2026 राष्ट्रमंडल खेलों (कॉमनवेल्थ गेम्स) में ग्लासगो, यूनाइटेड किंगडम में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी, जिससे छत्तीसगढ़ को उनसे एक और शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *