INDIA, हॉकी

विश्व कप में 51 साल का इंतजार खत्म करने उतरेगी भारतीय हॉकी टीम

हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में 20 सदस्यीय टीम घोषित, कोच क्रेग फुल्टन ने जताया ऐतिहासिक प्रदर्शन का भरोसा

नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित होने वाले एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप के लिए 20 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान अनुभवी डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह के हाथों में होगी। चयनित दल में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कई युवा प्रतिभाओं को भी मौका दिया गया है।

भारतीय टीम में गोलकीपिंग की जिम्मेदारी मोहित एचएस और सूरज करकेरा संभालेंगे। रक्षापंक्ति में हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, जरमनप्रीत सिंह, संजय, सुमित और यशदीप सिवाच शामिल हैं। वहीं मिडफील्ड में मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलाकांता शर्मा, राजिंदर सिंह और आदित्य अर्जुन लालागे टीम को मजबूती देंगे। आक्रमण की जिम्मेदारी मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह और शिलानंद लाकड़ा के कंधों पर होगी।

[news_related_post]

मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने टीम पर भरोसा जताते हुए कहा कि यह अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण है। उनके अनुसार खिलाड़ियों का चयन मौजूदा प्रदर्शन के आधार पर किया गया है और टीम हर मुकाबले में पूरी तैयारी के साथ उतरेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम के पास विश्व हॉकी में नया इतिहास लिखने का सुनहरा अवसर है।

भारत को विश्व कप में पूल-डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगी। इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को पाकिस्तान से मुकाबला होगा। भारत-पाकिस्तान मैच टूर्नामेंट के सबसे चर्चित मुकाबलों में शामिल रहेगा।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने विश्व कप के शुरुआती दौर में शानदार सफलता हासिल की थी। 1971 में कांस्य, 1973 में रजत और 1975 में स्वर्ण पदक जीतने के बाद से टीम विश्व कप में फिर कोई पदक नहीं जीत सकी है। ऐसे में इस बार भारतीय टीम 51 वर्षों के लंबे इंतजार को समाप्त कर नई उपलब्धि हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *