INDIA, Sports News

पार्क ताए-सांग की कोचिंग में भारतीय बैडमिंटन का नया उभार

दो सप्ताह में भारतीय खिलाड़ियों ने जीते दो बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 खिताब

नई दिल्ली। भारतीय महिला बैडमिंटन में पिछले दो सप्ताह का प्रदर्शन खास रहा है। लगातार दो बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने खिताब अपने नाम किए हैं। इस सफलता में दक्षिण कोरियाई कोच पार्क ताए-सांग के मार्गदर्शन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

17 वर्षीय तन्वी शर्मा ने पिछले सप्ताह ताइपे ओपन का खिताब जीता था। इसके बाद 26 वर्षीय अश्मिता चालिहा ने कोरिया मास्टर्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने करियर का पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब हासिल किया। अश्मिता ने गंभीर घुटने की चोट से वापसी के बाद यह उपलब्धि हासिल की है।

[news_related_post]

पार्क ताए-सांग ने दोनों खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि लगातार दो सप्ताह मिली ये जीत उनके लिए बेहद खास हैं। उन्होंने बताया कि तन्वी ने कम उम्र में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय खिताब जीता, जबकि अश्मिता ने अपने पहले फाइनल को जीत में बदलकर प्रभावित किया।

पार्क इससे पहले स्टार शटलर पीवी सिंधू के साथ भी काम कर चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में सिंधू ने टोक्यो ओलम्पिक में कांस्य पदक हासिल किया था। सिंधू के साथ उनका कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्होंने युवा भारतीय खिलाड़ियों को तैयार करने पर ध्यान केंद्रित किया।

गुवाहाटी के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में करीब तीन वर्षों तक युवा खिलाड़ियों के साथ काम करने के बाद अब इस प्रशिक्षण के परिणाम सामने आने लगे हैं। हालांकि पार्क का मानना है कि सुपर 300 स्तर की सफलता केवल शुरुआत है। उनका लक्ष्य खिलाड़ियों को सुपर 500, 750 और 1000 स्तर के बड़े टूर्नामेंटों के लिए तैयार करना है।

पार्क के अनुसार तन्वी और अश्मिता दोनों के लिए 2028 लॉस एंजिलिस ओलम्पिक को ध्यान में रखते हुए तैयारी की जा रही है। ओलम्पिक क्वालीफिकेशन की दौड़ शुरू होने से पहले अगले साल भारतीय खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा।

अब टीम की योजना उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में अधिक भाग लेने की है। अश्मिता की विश्व रैंकिंग में सुधार होने के बाद उनके लिए बड़े बीडब्ल्यूएफ टूर्नामेंटों में खेलने के अवसर भी बढ़ सकते हैं।

भारतीय बैडमिंटन के लिए लगातार मिली ये दो सफलताएं इस बात का संकेत हैं कि नई पीढ़ी की महिला शटलर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी चुनौतियों के लिए तैयार हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *