न्यूज। प्रख्यात भारतीय पहलवान, कुश्ती कोच एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता कृपाशंकर पटेल बिश्नोई को एशियन गेम्स 2026 की कुश्ती स्पर्धाओं के लिए Sony Sports Network ने अपने विशेष विशेषज्ञ कमेंट्री एवं गेम एनालिसिस पैनल में शामिल किया है। एशियन गेम्स के दौरान वे अपने अनुभव और तकनीकी विशेषज्ञता के माध्यम से दर्शकों को कुश्ती मुकाबलों की बारीकियों, रणनीतियों और खिलाड़ियों के प्रदर्शन का लाइव विश्लेषण प्रस्तुत करेंगे।
2026 एशियाई खेलों की कुश्ती स्पर्धाएं 30 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक नागोया सिटी इनई स्पोर्ट्स सेंटर में आयोजित होंगी। इस दौरान कृपाशंकर पटेल बिश्नोई Sony Sports Network के फ्लैगशिप स्टूडियो शो ‘Sports Extraaa’ में विशेषज्ञ के रूप में नजर आएंगे। वे मुकाबलों के दौरान पहलवानों की तकनीक, रणनीति, दांव-पेंच, ताकत और कमजोरियों का विश्लेषण करते हुए दर्शकों को खेल की गहरी समझ प्रदान करेंगे।
कुश्ती की तकनीकी बारीकियों और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों के लंबे अनुभव के कारण कृपाशंकर की विशेषज्ञ राय भारतीय पहलवानों के प्रदर्शन को समझने में दर्शकों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगी। उनके विश्लेषण में भारतीय पहलवानों की रणनीति, मुकाबले की परिस्थितियों और पदक की संभावनाओं पर भी विशेष फोकस रहेगा।
[news_related_post]अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित हैं कृपाशंकर
कृपाशंकर पटेल बिश्नोई भारतीय कुश्ती जगत का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्हें वर्ष 2000 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इससे पहले वर्ष 1994 में मध्य प्रदेश सरकार के प्रतिष्ठित विक्रम पुरस्कार से भी उन्हें सम्मानित किया गया।
अपने सक्रिय कुश्ती करियर के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया और कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। खेल से संन्यास के बाद उन्होंने कोच के रूप में भारतीय कुश्ती को अपनी सेवाएं दीं।
भारतीय महिला कुश्ती को भी दी नई दिशा
कृपाशंकर पटेल बिश्नोई ने लंबे समय तक भारतीय महिला कुश्ती टीम को कोचिंग दी। उनके मार्गदर्शन में भारतीय महिला पहलवानों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। भारतीय महिला कुश्ती के विकास और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
वर्तमान में वे भारतीय रेलवे की कुश्ती टीम के कोच के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
फिल्म जगत में भी बनाई पहचान
कुश्ती के मैदान के अलावा कृपाशंकर पटेल बिश्नोई ने फिल्म जगत में भी अपनी विशेषज्ञता का परिचय दिया है। उन्होंने बॉलीवुड और टॉलीवुड के कलाकारों को कुश्ती की तकनीकों का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ फिल्मों के लिए कुश्ती कोरियोग्राफी में भी योगदान दिया है। चर्चित फिल्म ‘दंगल’ के लिए उन्होंने अभिनेता आमिर खान सहित फिल्म के कलाकारों को कुश्ती की तकनीक और बारीकियों का प्रशिक्षण दिया था।
अब एशियन गेम्स 2026 में उनकी विशेषज्ञ आवाज और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से देशभर के खेल प्रेमियों को कुश्ती के मुकाबलों को और करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
एशियन गेम्स के दौरान कुश्ती का यह लाइव एक्शन और विशेषज्ञ विश्लेषण Sony Sports Network के टीवी चैनलों तथा Sony LIV के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देखा जा सकेगा।