🏅 बिहार की बेटी नीलू कुमारी ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने गुरु एवं मार्गदर्शक पंकज कुमार ज्योति को दिया है
मुजफ्फरपुर, बिहार की प्रतिभाशाली रोवर नीलू कुमारी ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी रोइंग चैंपियनशिप 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता का आयोजन 05 से 10 मई 2026 तक लेक क्लब, चंडीगढ़ में किया जा रहा है।
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी रोइंग टीम का प्रतिनिधित्व कर रही नीलू कुमारी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देशभर से आई खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दी और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से बिहार के खेल जगत में खुशी की लहर है।
नीलू कुमारी ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने गुरु एवं मार्गदर्शक पंकज कुमार ज्योति को दिया है, जो बिहार रग्बी संघ के सचिव हैं। उनके मार्गदर्शन, प्रेरणा और निरंतर सहयोग ने नीलू को इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कोच पंकज कुमार ज्योति ने नीलू कुमारी को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि नीलू आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बिहार और देश का नाम रोशन करेंगी।
नीलू की सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
नीलू कुमारी की यह जीत बिहार की बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है और यह साबित करती है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।