
भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय के निर्देशन में और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के मार्गदर्शन में खेलो इंडिया अभियान के तहत देश के 150 शहरों में अस्मिता किकबॉक्सिंग सिटी लीग आयोजित की गई। इसके बाद, ईस्ट, वेस्ट, नॉर्थ और साउथ जोन की प्रतियोगिताओं के बाद राष्ट्रीय अस्मिता खेलो इंडिया किकबॉक्सिंग लीग का आयोजन 24 से 29 मार्च तक चेन्नई (तमिलनाडु) में संपन्न हुआ।
छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के संस्थापक व कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा और महासचिव आकाश गुरुदिवान ने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रदेश से 33 खिलाड़ियों ने भाग लिया। टीम के साथ अंतरराष्ट्रीय रेफरी प्रभात साहू, कोच सरवर एक्का और अमन सोनी भी मौजूद रहे।

खिलाड़ियों ने अलग-अलग वजन वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया और कुल 13 पदक अपने नाम किए, जिनमें 4 स्वर्ण, 2 रजत और 7 कांस्य शामिल हैं। स्वर्ण पदक विजेताओं में स्वाति राजवाड़े, सीमा निषाद, तनु साहू और शुभांगी धुर्वे शामिल हैं। रजत पदक लोकिता चौहान और शैली यादव ने जीते, जबकि कांस्य पदक नाफिया सिद्दीकी, अक्षरा गुप्ता, दिव्या अग्रवाल, संविदा अग्रवाल, परमेश्वरी लोहार, अर्पिता साहू और देविका साहू ने अपने नाम किए।
[news_related_post]प्रतियोगिता फेडरेशन द्वारा जारी नियमों और स्पोर्ट्स डेटा डिजिटल तकनीक के माध्यम से आयोजित की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य बालिकाओं और महिला खिलाड़ियों के कौशल को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता में पॉइंट फाइटिंग, लाइट कॉन्टैक्ट, फुल कॉन्टैक्ट, लो किक और म्यूजिकल फॉर्म्स जैसे इवेंट शामिल थे। विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को भारत सरकार की ओर से नगद पुरस्कार भी दिए जाएंगे।