INDIA, Sports News

राष्ट्रीय यूथ म्यू थाई चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ का दमदार प्रदर्शन, दो स्वर्ण सहित पांच पदक हासिल


उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय इंडोर स्टेडियम में आयोजित 7वीं राष्ट्रीय यूथ म्यू थाई चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक कुल पांच पदक अपने नाम किए हैं। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

छत्तीसगढ़ के लिए युवराज सिंह ने अंडर-18 वर्ग के 86 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अभियान की शानदार शुरुआत की। वहीं बालोद जिले की तनुश्री मीणा ने अंडर-14 वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

इसके अलावा रायपुर की बलजीत कौर और दल्लीराजहरा की सिद्धि निर्मलकर ने अपने-अपने वर्गों में रजत पदक जीते। दल्लीराजहरा की ट्विंकल ने कांस्य पदक हासिल कर राज्य के पदकों की संख्या पांच तक पहुंचाई।

[news_related_post]

छत्तीसगढ़ का 36 सदस्यीय दल इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग ले रहा है, जिसमें खिलाड़ी और अधिकारी दोनों शामिल हैं। प्रतियोगिता के दौरान आयोजित बैठक में राज्य के खेल प्रतिनिधियों ने भी भाग लेकर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया।

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से राज्य में म्यू थाई खेल को नई पहचान और प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *