नारसन (हरिद्वार)। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत नारसन ब्लॉक की संकुल स्तरीय चयन प्रतियोगिता का शुभारंभ राजा महेंद्र प्रताप इंटर कॉलेज, गुरुकुल नारसन में हुआ। 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के लिए आयोजित यह प्रतियोगिता ब्लॉक खंड शिक्षा अधिकारी आकांक्षा राठौर और ब्लॉक खेल समन्वयक पवन राणा के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का समापन 23 जुलाई को होगा।
पहले दिन बालिका वर्ग की प्रतिभागियों ने विभिन्न खेल परीक्षणों में उत्साह और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उद्घाटन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आर्यावर्त चौधरी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों में जीत से अधिक महत्वपूर्ण पूरी निष्ठा के साथ भाग लेना और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है।
प्रतियोगिता में लाठरदेवाहूण, गुरुकुल नारसन, मोहम्मदपुर, मखदुमपुर, लखनौता, गाधारोना, मुंडलाना, ढंडेरा और लिब्बरहेड़ी संकुलों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता का आकलन 30 मीटर फ्लाइंग रन, स्टैंडिंग ब्रॉड जंप, फॉरवर्ड बेंड एंड रीच, मेडिसिन बॉल थ्रो, 600 मीटर दौड़ तथा 6×10 शटल रन जैसे परीक्षणों के माध्यम से किया गया।
[news_related_post]प्रतियोगिता में पायल, अरुणा, सोनाक्षी, अनुष्का, रितिका, जोया, दिव्यांशी, प्रेरणा, आयुषी और जानवी सहित अनेक प्रतिभागियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। ब्लॉक खेल समन्वयक पवन राणा ने बताया कि जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के तहत प्रतिमाह 1,500 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन में संजीव कुमार राणा, अरुण खरे, राजीव चौधरी, सौरभ कुमार, अरविंद चौधरी, संदीप भारद्वाज, अंशु अग्रवाल, राजकुमार, कुलदीप मलिक, प्रमेन्द्र कुमार मलिक, साजिद अली, वाजिद अली, ज्ञानेश्वर प्रसाद, कुशलजीत कुमार, प्रीति सैनी, सोनिया सैनी, अलीशा चौधरी तथा आलोक द्विवेदी सहित कई लोगों ने सहयोग प्रदान किया।