Sports News

युवा क्रिकेटर अदिति श्योराण को अचीवर्स अवॉर्ड-2026 से सम्मानित

चंडीगढ़/सोनीपत। यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) की उभरती क्रिकेटर अदिति श्योराण को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए एंटरप्रेन्योर एंड अचीवर्स अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान चंडीगढ़ के सेक्टर-31 स्थित पीएचडी चैंबर में आयोजित समारोह के दौरान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह और ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर अल्बा स्मेरिग्लियो ने उन्हें सम्मानित किया।

हरियाणा के सोनीपत जिले के दुभेटा गांव की रहने वाली अदिति पिछले चार वर्षों से चंडीगढ़ प्रशासन की सेक्टर-16 क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। वह इस अकादमी की पहली महिला प्रशिक्षु हैं। उन्होंने अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व किया है तथा पिछले तीन वर्षों से बीसीसीआई स्तर की महिला वनडे प्रतियोगिताओं में यूटीसीए की ओर से लगातार खेल रही हैं।

अदिति ने राज्य, राष्ट्रीय और जोनल स्तर की प्रतियोगिताओं में टीम की कप्तानी भी की है। उनके लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें इस वर्ष अचीवर्स अवॉर्ड के लिए चुना गया। सेक्टर-9 स्थित कार्मल कॉन्वेंट स्कूल की कक्षा 11 की छात्रा अदिति ने यूटीसीए और चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा आयोजित पहले गली क्रिकेट टूर्नामेंट में अपनी टीम को संयुक्त विजेता बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

[news_related_post]

क्रिकेट के अलावा अदिति ने नेशनल स्कूल गेम्स में तीन अलग-अलग खेलों में चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व किया है। खेल क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पहले भी चंडीगढ़ प्रशासन का स्टेट अवॉर्ड, पंजाब यूनिवर्सिटी का एक्सीलेंस इन स्पोर्ट्स सम्मान, एमडी यूनिवर्सिटी रोहतक तथा अन्य संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2025 में हरियाणा सरकार ने भी गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान उनकी खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया था।

समारोह में पीआरसीआई चंडीगढ़ चैप्टर के चेयरमैन डॉ. रुपेश सिंह ने कहा कि अदिति की सफलता युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है। वहीं यूटीसीए के पूर्व अध्यक्ष और बीसीसीआई डब्ल्यूपीएल समिति के सदस्य संजय टंडन ने विश्वास जताया कि अदिति भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी। परिवार ने भी इस सम्मान पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *