छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के तत्वावधान में तथा ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के मार्गदर्शन में “चीफ मिनिस्टर छत्तीसगढ़ ट्रॉफी” राष्ट्रीय पुरुष एवं महिला टीम शतरंज चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर आयोजन समिति की अध्यक्ष एवं विधायक श्रीमती भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. विक्रम सिसोदिया ने की।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के उपाध्यक्ष एवं प्रदेश शतरंज संघ के अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंघानिया, महासचिव विनोद राठी सहित विकास शर्मा, स्वप्निल और कविराज साव उपस्थित रहे। शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसके बाद विधायक भावना बोहरा और डॉ. विक्रम सिसोदिया ने शतरंज की पहली चाल चलकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि भावना बोहरा ने शतरंज और राजनीति के बीच समानता बताते हुए कहा कि जैसे शतरंज में खिलाड़ी रणनीति के साथ अपने प्रतिद्वंद्वी को मात देने का प्रयास करता है, वैसे ही राजनीति में भी रणनीतिक सोच महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने देशभर से आए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
[news_related_post]कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. विक्रम सिसोदिया ने इस बड़े आयोजन के लिए प्रदेश शतरंज संघ की सराहना की और खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने का आह्वान किया। वहीं, प्रदेश शतरंज संघ के अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंघानिया ने स्वागत भाषण देते हुए प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पहले दिन दो मुकाबले खेले जाएंगे—दूसरा चक्र सुबह 10 बजे और तीसरा चक्र दोपहर 3 बजे आयोजित होगा। प्रतियोगिता में 24 डिजिटल बोर्ड लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से मैचों का सीधा प्रसारण विश्वभर में किया जाएगा।

अतिथियों का स्वागत प्रदेश शतरंज संघ के सह सचिव ईश्वर सिंह राजपूत, इंटरनेशनल आर्बिटर अलंकार भिवगड़े, अनीस अंसारी, रॉकी देवांगन और अनिल शर्मा सहित अन्य सदस्यों द्वारा किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से आए शतरंज खिलाड़ी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मिस ऐश्वर्या ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सह सचिव विकास शर्मा ने प्रस्तुत किया।