ग्लासगो, 26 जुलाई 2026। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में रविवार से भारोत्तोलन स्पर्धा का आगाज हो रहा है। भारतीय खेल प्रेमियों की निगाहें स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू पर होंगी, जो महिला 48 किलोग्राम वर्ग में लगातार तीसरा राष्ट्रमंडल स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य के साथ मंच पर उतरेंगी।
मणिपुर की रहने वाली मीराबाई चानू लंबे समय तक चोट से जूझने के बाद वापसी कर रही हैं। इसके बावजूद उनसे एक बार फिर स्वर्णिम प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। मीराबाई भारत की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर कई बार देश का गौरव बढ़ाया है।
इस बार भारतीय भारोत्तोलन दल में मणिपुर के कुल पांच खिलाड़ी शामिल हैं, जो राज्य की इस खेल में मजबूत परंपरा को दर्शाता है। इन सभी खिलाड़ियों के शुरुआती प्रशिक्षण में अनुभवी कोच एस. ब्रोजेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि अपने सभी शिष्यों को राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करते देखना उनके लिए गर्व का क्षण है।
[news_related_post]कोच ब्रोजेंद्र सिंह के अनुसार, अनुशासन, समर्पण और कठिन मेहनत मणिपुर के खिलाड़ियों की सफलता का आधार रहे हैं। उन्होंने कहा कि मीराबाई चानू की उपलब्धियों ने राज्य में भारोत्तोलन को नई पहचान दिलाई है और उनकी सफलता से प्रेरित होकर बड़ी संख्या में युवा इस खेल की ओर आकर्षित हुए हैं।
भारतीय दल को उम्मीद है कि मीराबाई चानू अपने अनुभव और दमदार प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत के पदक अभियान की शानदार शुरुआत करेंगी।