INDIA, Sports News

भव्य उद्घाटन के साथ शुरू हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026, मीराबाई और लवलीना ने संभाली भारत की अगुआई

उपशीर्षक:
ग्लास्गो में रंगारंग समारोह के बीच 74 देशों के 3,000 से अधिक खिलाड़ी 10 खेलों में दिखाएंगे दम।

समाचार:

ग्लास्गो। स्कॉटलैंड के शहर ग्लास्गो में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का शुभारंभ रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ हुआ। उद्घाटन परेड में भारतीय दल की अगुआई ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू और मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने तिरंगा थामकर की। खेलों का आधिकारिक उद्घाटन किंग चार्ल्स तृतीय ने किया। यह प्रतियोगिता 2 अगस्त तक आयोजित होगी।

[news_related_post]

करीब 125 सदस्यीय भारतीय दल के स्टेडियम में प्रवेश करते ही दर्शकों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। उद्घाटन समारोह में भारत की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रही और खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ मार्च-पास्ट में हिस्सा लिया।

कॉमनवेल्थ गेम्स के 33वें संस्करण में 74 देशों और क्षेत्रों के 3,000 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिताओं का आयोजन ग्लास्गो के विभिन्न खेल परिसरों में किया जाएगा, जिनमें पैरा स्पर्धाएं भी शामिल हैं।

समारोह में किंग चार्ल्स तृतीय ने कॉमनवेल्थ प्रमुख के रूप में खेलों की शुरुआत की घोषणा की। इस अवसर पर क्वीन कैमिला, स्कॉटलैंड के प्रथम मंत्री जॉन स्वीनी और अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे। उद्घाटन से पहले किंग चार्ल्स ने विभिन्न देशों के बैटन वाहकों और खिलाड़ियों से मुलाकात भी की।

इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन सीमित संसाधनों के साथ किया जा रहा है। पिछली बार बर्मिंघम में 19 खेल शामिल थे, जबकि इस संस्करण में केवल 10 खेलों को जगह मिली है। हॉकी, बैडमिंटन, क्रिकेट, कुश्ती, निशानेबाजी सहित कई लोकप्रिय खेल इस बार कार्यक्रम का हिस्सा नहीं हैं।

मूल रूप से इन खेलों की मेजबानी ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया शहर को करनी थी, लेकिन बजट संबंधी कारणों से मेजबानी वापस लेने के बाद ग्लास्गो ने कम समय में आयोजन की जिम्मेदारी संभाली। इसी वजह से इस बार कोई नया स्टेडियम या खेल गांव नहीं बनाया गया है। प्रतियोगिताएं पहले से मौजूद खेल परिसरों में आयोजित की जा रही हैं, जबकि खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था शहर के विभिन्न होटलों में की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *