Chhattisgarh, Sports News

राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग में 32 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का कोरबा में सम्मान

कोरबा। राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर 32 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का कोरबा स्थित सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र और हनुमान चालीसा भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश “जो खेलेगा, वो खिलेगा” देश के युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित कर रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बस्तर ओलंपिक, खेल अलंकरण समारोह, उत्कृष्ट खिलाड़ी पुरस्कार और पहली बार आयोजित सरगुजा ओलंपिक जैसी पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। साथ ही, चालू वित्तीय वर्ष के बजट में खेल विकास के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रदेश में जल्द ही हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा तथा खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने का कार्य निरंतर जारी है।

[news_related_post]

कार्यक्रम में श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना खिलाड़ियों की प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि किकबॉक्सिंग एक चुनौतीपूर्ण खेल है, जिसमें सफलता हासिल करना बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ अच्छे संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े रहने की भी सीख दी।

सम्मान समारोह में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, नौशाद खान, जनप्रतिनिधि, पार्षद, किकबॉक्सिंग समिति के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *