रांची। बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित 29वीं सीनियर नेशनल फेडरेशन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के तीसरे दिन बिहार के खिलाड़ियों का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। शनिवार को 100 मीटर दौड़ में विभास्कर कुमार के चौथे स्थान ने बिहार के खेल प्रेमियों की उम्मीदें बढ़ा दी थीं, लेकिन रविवार बिहार के लिए निराशाजनक साबित हुआ। मैदान में उतरे सूबे के तीनों एथलीट पोडियम फिनिश से काफी दूर रहे। अब सोमवार को पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में उतरने वाले रजत राज से पदक की उम्मीदें जुड़ गई हैं।
रविवार की शुरुआत ही बिहार के लिए झटके के साथ हुई। हाई जंप स्पर्धा में हिस्सा लेने वाले अभिराज नायर मुकाबले में उतरे ही नहीं, जिससे बिहार को शुरुआत में ही नुकसान उठाना पड़ा। इसके बाद सबकी नजरें लॉन्ग जंप स्पर्धा पर टिक गईं, जहां बिहार के सन्नी कुमार देश के दिग्गज खिलाड़ियों के बीच चुनौती पेश कर रहे थे। इस स्पर्धा में भारत के स्टार लॉन्ग जंपर मुरली श्रीशंकर ने 8.08 मीटर की शानदार छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया।
सन्नी कुमार ने संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन फाउल और निरंतरता की कमी उनके लिए भारी पड़ी। उनका पहला और आखिरी प्रयास फाउल रहा। दूसरे प्रयास में उन्होंने 7.39 मीटर, तीसरे में 7.57 मीटर और चौथे प्रयास में 7.70 मीटर की छलांग लगाई, जो उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। हालांकि पांचवें प्रयास में वह लय खो बैठे और केवल 7.24 मीटर ही कूद सके। उतार-चढ़ाव भरे प्रदर्शन के कारण सन्नी को आठवें स्थान से संतोष करना पड़ा।
वहीं डिस्कस थ्रो में भी बिहार को निराशा हाथ लगी। वरुण सिंह राष्ट्रीय स्तर की कड़ी प्रतिस्पर्धा में प्रभाव छोड़ने में असफल रहे। प्रतियोगिता के विजेता ने 55.20 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि वरुण इससे काफी पीछे रहे। उन्होंने पहले प्रयास में 45.11 मीटर और दूसरे प्रयास में 46.08 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया। तीसरा प्रयास फाउल रहा। इस प्रदर्शन के साथ वरुण प्रतियोगिता में 20वें और अंतिम स्थान पर रहे।
अब बिहार की उम्मीदें सोमवार को पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में हिस्सा लेने वाले रजत राज पर टिकी हैं, जिनसे राज्य को पदक की आस है।
फेडरेशन कप एथलेटिक्स: रविवार को फीकी रही बिहार की चुनौती, अब रजत से उम्मीद
25
May