गिरिडीह (झारखंड): दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), गिरिडीह में आज से सीबीएसई क्लस्टर-III खो-खो टूर्नामेंट 2026 का शुभारंभ हो गया। यह प्रतियोगिता 3 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग की टीमें भाग ले रही हैं। यह आयोजन सीबीएसई स्पोर्ट्स कैलेंडर 2026-27 के अनुसार आयोजित किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में झारखंड और बिहार के विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों से लगभग 60 से अधिक टीमें हिस्सा ले रही हैं। खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आगामी दिनों में विभिन्न आयु वर्गों के रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमें अगले स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित करेंगी।
उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द के साथ प्रतियोगिता को सफल बनाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में खेलों का उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला तथा सभी टीमों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगी, बल्कि खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क को भी नई पहचान देगी। आयोजकों ने प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।