Jharkhand, KHO-KHO, Sports News

सीबीएसई क्लस्टर-III खो-खो प्रतियोगिता का शानदार आगाज़, पहले दिन 34 लीग मैच सफलतापूर्वक संपन्न

📍गिरिडीह | 3 अगस्त 2026

दिल्ली पब्लिक स्कूल, गिरिडीह में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-III खो-खो टूर्नामेंट 2026-27 का शुभारंभ सोमवार को उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। यह प्रतियोगिता 3 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में बिहार एवं झारखंड के विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों से 60 से अधिक टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। यह आयोजन सीबीएसई के आधिकारिक खेल कैलेंडर के अनुसार डीपीएस गिरिडीह में आयोजित हो रहा है।

प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों में कुल 34 लीग मैच सफलतापूर्वक संपन्न हुए। सभी मुकाबले सीबीएसई एवं खो-खो फेडरेशन के निर्धारित नियमों के अनुसार निष्पक्ष एवं अनुशासित वातावरण में आयोजित किए गए। खिलाड़ियों के उत्साह, तेज़ी और खेल भावना ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

[news_related_post]

विद्यालय प्रबंधन ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों, कोचों, टीम मैनेजरों, तकनीकी अधिकारियों, रेफरी एवं स्वयंसेवकों का स्वागत किया। आयोजन समिति ने बताया कि आगामी दिनों में लीग चरण के शेष मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके बाद नॉकआउट दौर प्रारंभ होगा। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

सीबीएसई क्लस्टर-III खो-खो प्रतियोगिता का यह आयोजन खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है तथा इससे खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट अवसर मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *