जबलपुर। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बरगी नगर, जबलपुर में विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि, वैज्ञानिक सोच एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वॉलीबॉल मॉडल प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यालय के कुल 80 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा वॉलीबॉल खेल से संबंधित विभिन्न आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए।

विद्यार्थियों ने वॉलीबॉल कोर्ट की संरचना, खेल के नियम, खिलाड़ियों की पोजीशन, स्कोरिंग प्रणाली, प्रशिक्षण तकनीक, फिटनेस एवं खेल विज्ञान पर आधारित मॉडल तैयार कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में कक्षा 8 की छात्रा ओविशा मोदी ने अपने उत्कृष्ट एवं नवाचारी मॉडल के लिए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
[news_related_post]
प्रतियोगिता का मूल्यांकन श्री विनीत पन्द्रे (PET) एवं सुश्री आभा (कोच) द्वारा निष्पक्ष एवं तकनीकी मानकों के आधार पर किया गया। दोनों निर्णायकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों, रचनात्मकता एवं खेल संबंधी ज्ञान की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसे नवाचारपूर्ण कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री एस. महोबिया एवं उप-प्राचार्य डॉ. एस. एन. मिश्रा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल आधारित शैक्षणिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण को सशक्त बनाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं विजेता छात्रा को शुभकामनाएँ दीं।

इस प्रदर्शनी का सफल आयोजन डॉ. प्रियंका सिंह, टीजीटी (शारीरिक शिक्षा) के मार्गदर्शन एवं संयोजन में संपन्न हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को वॉलीबॉल के तकनीकी पक्षों को मॉडल के माध्यम से समझने, नवाचार करने तथा खेल शिक्षा को व्यवहारिक रूप से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। उनके कुशल मार्गदर्शन से विद्यार्थियों ने अत्यंत प्रभावशाली एवं शिक्षाप्रद मॉडल तैयार किए, जिन्हें सभी उपस्थित शिक्षकों एवं निर्णायकों ने सराहा।