Sports News

झारखंड की चार महिला हॉकी खिलाड़ी विश्व कप टीम में शामिल, सलीमा टेटे को मिली कप्तानी

सिमडेगा। भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए घोषित एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 की टीम में झारखंड की चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। यह टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड्स और बेल्जियम में आयोजित किया जाएगा। सबसे खास बात यह है कि सिमडेगा की सलीमा टेटे को भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई है।

झारखंड से चयनित खिलाड़ियों में सलीमा टेटे, ब्यूटी डुंगडुंग, दीपिका सोरेंग और खूंटी की निक्की प्रधान शामिल हैं। इनमें सलीमा, ब्यूटी और दीपिका सिमडेगा जिले से हैं, जबकि निक्की प्रधान लंबे समय से भारतीय टीम का अहम हिस्सा रही हैं।

सलीमा टेटे के नेतृत्व में भारतीय टीम विश्व कप में मजबूत प्रदर्शन करने के लक्ष्य के साथ उतरेगी। उनके कप्तान बनने से झारखंड, विशेषकर सिमडेगा में उत्साह का माहौल है। वहीं युवा खिलाड़ी ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

[news_related_post]

भारतीय टीम हाल ही में एफआईएच नेशंस कप जीतकर विश्व कप में पहुंची है, जिससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। विश्व कप में भारत को पूल-डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है। टीम अपने शुरुआती मुकाबले क्रमशः 16, 18 और 20 अगस्त को इन तीनों देशों के खिलाफ खेलेगी।

टूर्नामेंट के सभी पूल मुकाबले नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। झारखंड हॉकी संघ और राज्य के खेल प्रेमियों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए विश्व कप में शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *