नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले 20वें एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। 20 सदस्यीय टीम की कप्तानी एक बार फिर सलिमा टेटे को सौंपी गई है। उनकी अगुवाई में भारतीय टीम हाल ही में न्यूजीलैंड में आयोजित एफआईएच नेशंस कप का खिताब जीत चुकी है।
टीम में अनुभवी गोलकीपर और हाल ही में पद्मश्री सम्मान से सम्मानित सविता पूनिया को शामिल किया गया है। उनके साथ बिचू देवी खरीबाम दूसरी गोलकीपर की भूमिका निभाएंगी। रक्षापंक्ति में सुशीला चानू पुखरंबम, इशिका चौधरी, ज्योति, लालथांतलुआंगी और शिल्पी डबास को जगह मिली है। लालथांतलुआंगी और शिल्पी ने हाल के नेशंस कप में अपने प्रभावशाली प्रदर्शन के दम पर एशियन गेम्स टीम में स्थान बनाया है।
मिडफील्ड में कप्तान सलिमा टेटे के साथ निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग टीम को मजबूती देंगी। वहीं आक्रमण पंक्ति में लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसाल, नवनीत कौर, दीपिका, ईशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग पर गोल करने की जिम्मेदारी होगी।
[news_related_post]मुख्य कोच स्जोएर्ड मारिज्ने ने टीम चयन पर संतोष जताते हुए कहा कि इस दल में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन है। उनके अनुसार खिलाड़ियों ने पिछले कुछ महीनों में बेहतरीन फिटनेस और प्रदर्शन दिखाया है, जिससे टीम एशियन गेम्स की चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार है।
भारतीय महिला हॉकी टीम
गोलकीपर: सविता पूनिया, बिचू देवी खरीबाम।
डिफेंडर: सुशीला चानू पुखरंबम, इशिका चौधरी, ज्योति, लालथांतलुआंगी, शिल्पी डबास।
मिडफील्डर: सलिमा टेटे (कप्तान), निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा, दीपिका सोरेंग।
फॉरवर्ड: लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसाल, नवनीत कौर, दीपिका, ईशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग।