INTERNATIONAL

वुशु सांडा वर्ल्ड कप 2026 में भारत का ऐतिहासिक स्वर्णिम प्रदर्शन

अपर्णा और शिवानी ने जीते गोल्ड, विश्व मंच पर लहराया तिरंगा
मकाऊ (चीन)। भारतीय वुशु के इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। चीन के मकाऊ में आयोजित 10वें सांडा वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को ऐतिहासिक सफलता दिलाई। भारतीय खिलाड़ी अपर्णा ने महिला 52 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। यह इस प्रतियोगिता में भारत का पहला स्वर्ण पदक है।
अपर्णा ने फाइनल मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए उसी प्रतिद्वंद्वी को हराया, जिससे उन्हें इससे पहले ब्राजील में आयोजित वर्ल्ड वुशु चैंपियनशिप में हार का सामना करना पड़ा था। इस जीत के साथ उन्होंने न केवल गोल्ड जीता बल्कि अपनी पुरानी हार का बदला लेकर भारतीय खेल प्रेमियों को गर्व का अवसर भी दिया।
भारत की स्वर्णिम सफलता यहीं नहीं रुकी। महिला 75 किलोग्राम वर्ग में भारतीय खिलाड़ी शिवानी ने रूस की मजबूत खिलाड़ी एकातेरिना वालचुक को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। शिवानी ने पूरे मुकाबले में आक्रामक खेल और बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन करते हुए शानदार जीत दर्ज की।
दो-दो स्वर्ण पदकों के साथ भारत ने वर्ल्ड वुशु मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से भारतीय वुशु को नई पहचान और प्रेरणा मिली है।
देशभर में दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खुशी की लहर है और खेल प्रेमी उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं। भारतीय खेल जगत के लिए यह पल बेहद गर्व और सम्मान का माना जा रहा है। 🇮🇳🥇

 

[news_related_post]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *