अंतरराष्ट्रीय शूटर दिव्यांशु देवांगन का विश्व चैंपियनशिप के लिए चयन, उप मुख्यमंत्री अरुण साव से की मुलाकात
रायपुर। छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज दिव्यांशु देवांगन ने आगामी विश्व स्तर की प्रतियोगिता के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने जर्मनी के सुहल में जून माह में आयोजित होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त किया है।
इस अवसर पर दिव्यांशु देवांगन ने उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव से उनके नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान उन्होंने अपने अब तक के खेल सफर और उपलब्धियों की जानकारी साझा की।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मिस्र के काहिरा में आयोजित जूनियर वर्ल्ड कप में मिक्स्ड डबल्स इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने पर दिव्यांशु को बधाई दी और आगामी विश्व चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

दिव्यांशु देवांगन ने 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड डबल्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 499.9 अंकों के साथ विश्व रिकॉर्ड स्तर का प्रदर्शन किया है। वे पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुके हैं, जिनमें राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में रजत और कांस्य पदक शामिल हैं।
उनका चयन खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2026 के लिए भी हुआ है तथा वे खेलो इंडिया एथलीट के रूप में भी सूचीबद्ध हैं।
उनकी यह उपलब्धि भारतीय शूटिंग खेल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
“लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से ही विश्व स्तर पर सफलता प्राप्त होती है।”