Uttar Pradesh, हॉकी

ऑस्ट्रेलिया सीरीज में केतन कुशवाहा संभालेंगे भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम की कमान

झांसी के खेल प्रेमियों के लिए गर्व और खुशी का बड़ा मौका सामने आया है। हॉकी की धरती झांसी के उभरते सितारे केतन कुशवाहा को भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। अब केतन 15 से 20 मई तक भोपाल स्थित साई सेंटर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली चार मैचों की महत्वपूर्ण घरेलू सीरीज में टीम इंडिया की अगुवाई करते नजर आएंगे।
फॉरवर्ड लाइन के दमदार खिलाड़ी केतन पर न केवल गोल दागने की जिम्मेदारी होगी, बल्कि पूरी टीम को नेतृत्व देने की भी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह सीरीज जूनियर एशिया कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि भारतीय टीम को दुनिया की मजबूत टीमों में शामिल ऑस्ट्रेलिया से मुकाबला करना है।
अपनी इस उपलब्धि पर केतन कुशवाहा ने खेल विश्लेषक बृजेंद्र यादव से बातचीत में कहा कि यह सीरीज टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव हासिल करने और अपनी कमजोरियों को सुधारने का शानदार अवसर होगी।
झांसी की गलियों से निकलकर भारतीय टीम की कप्तानी तक का सफर तय करने वाले केतन ने पूरे बुंदेलखंड का मान बढ़ाया है। खेल प्रेमियों और हॉकी प्रशंसकों में इस खबर को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है।
अब सभी की निगाहें भोपाल में होने वाली इस रोमांचक सीरीज पर टिकी हैं, जहां “झांसी का सुल्तान” केतन कुशवाहा तिरंगे की शान बढ़ाने मैदान में उतरेंगे। 🇮🇳🏑

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *