Chhattisgarh

हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की खो-खो टीम लगातार दूसरे वर्ष ईस्ट जोन में उपविजेता, अंकुर सिंह बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की खो-खो पुरुष टीम ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए ईस्ट जोन अंतर विश्वविद्यालयीन प्रतियोगिता में उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता सिधो कान्हो बिरसा विश्वविद्यालय, पश्चिम बंगाल में 2 से 6 अप्रैल तक आयोजित हुई।

टीम ने लगातार दूसरे वर्ष यह उपलब्धि हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में टीम के खिलाड़ी अंकुर सिंह को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए “प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट” चुना गया।

खेल संचालक डॉ. दिनेश नामदेव ने जानकारी दी कि टीम ने अपने पहले क्वालीफाई मैच में कलिंगा विश्वविद्यालय को 50-34 अंकों से हराकर ऑल इंडिया प्रतियोगिता के लिए लगातार दूसरी बार जगह बनाई। इसके बाद लीग मैचों में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कल्याणी विश्वविद्यालय को 39-30 से और विद्यासागर विश्वविद्यालय को एक पारी और 5 अंकों से पराजित किया।

[news_related_post]

अंतिम मुकाबले में टीम को मेजबान सिधो कान्हो बिरसा विश्वविद्यालय से मात्र 6 अंकों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते टीम उपविजेता बनी।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय तिवारी, कुलसचिव भूपेंद्र कुलदीप और खेल संचालक डॉ. दिनेश नामदेव सहित अन्य अधिकारियों ने टीम के खिलाड़ियों, कोच और मैनेजर को बधाई दी। विश्वविद्यालय द्वारा सभी खिलाड़ियों को 7000 रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

टीम में दुर्ग, भिलाई और आसपास के विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया और सामूहिक प्रदर्शन से यह सफलता हासिल की।

गौरतलब है कि टीम अब आगामी ऑल इंडिया अंतर विश्वविद्यालयीन प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी, जो छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में आयोजित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *