राजधानी के अग्रसेन धाम में 16 से 22 मार्च तक आयोजित राष्ट्रीय टीम शतरंज चैंपियनशिप का समापन शानदार अंदाज में हुआ। इस प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ द्वारा ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें देशभर की टीमों ने भाग लिया।
समापन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के उपाध्यक्ष एवं प्रदेश शतरंज संघ के अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंघानिया ने की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. विक्रम सिसोदिया, साउथ एशियन चेस काउंसिल के अध्यक्ष एवं मुख्य निर्णायक धर्मेन्द्र कुमार तथा प्रदेश शतरंज संघ के महासचिव विनोद राठी भी मौजूद रहे।

ओपन वर्ग में रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड ‘ए’ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 1.25 लाख रुपए की पुरस्कार राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड ‘बी’ ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा तेलंगाना, केरल, हरियाणा, उड़ीसा, तमिलनाडु, दिल्ली और उत्तराखंड की टीमों ने भी शीर्ष दस में जगह बनाई।

व्यक्तिगत बोर्ड प्रदर्शन में भी कई खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। प्रथम बोर्ड पर तेलंगाना के एफएम आदि रेड्डी अर्जुन शीर्ष पर रहे, जबकि द्वितीय स्थान पर आईएम आदित्य धींगरा और तृतीय स्थान पर आईएम अजय संतोष रहे। दूसरे बोर्ड में आईएम हरि ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि जीएम विग्नेश और अर्णव अग्रवाल क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। तीसरे बोर्ड में आईएम आरण्यक घोष ने बाजी मारी, जबकि व्योम मल्होत्रा और जीएम श्रीराम झा ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया।
महिला वर्ग में पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड ने पहला स्थान हासिल किया और 1.25 लाख रुपए की पुरस्कार राशि जीती। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया दूसरे स्थान पर रही, जबकि वेस्ट बंगाल ‘ए’ टीम तीसरे स्थान पर रही।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि गुरु खुशवंत साहब ने शतरंज को मानसिक संतुलन, धैर्य और रणनीति का खेल बताते हुए कहा कि यह खेल जीवन में भी निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करता है। उन्होंने राज्य में खेलों के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
डॉ. विक्रम सिसोदिया ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का उच्च स्तर देखने को मिला, जिससे यह चैंपियनशिप यादगार बन गई।