अंडर-18 एशिया कप में करेंगी अम्पायरिंग, झारखंड को मिला गौरव
रांची : झारखंड की बेटी नीतू कुमारी महतो ने हॉकी जगत में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय हॉकी अम्पायर के रूप में अपनी पहचान बनाई है। रांची जिले के हरदाग की रहने वाली नीतू अब झारखंड की दूसरी महिला अंतरराष्ट्रीय हॉकी अम्पायर बन गई हैं।
नीतू कुमारी महतो जापान के काकामिगाहारा में 29 मई से 6 जून तक आयोजित होने वाले अंडर-18 एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में अम्पायरिंग करती नजर आएंगी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए उनका चयन झारखंड और पूरे देश के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।
नीतू की इस उपलब्धि से झारखंड की खेल प्रतिभाओं को नई प्रेरणा मिली है। लंबे समय से हॉकी के क्षेत्र में अपनी मेहनत और समर्पण से पहचान बनाने वाली नीतू अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी जिम्मेदारी निभाने जा रही हैं। खेल प्रेमियों और हॉकी जगत से जुड़े लोगों ने उनकी सफलता पर खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
गौरतलब है कि झारखंड लगातार हॉकी के क्षेत्र में नई प्रतिभाएं देश को दे रहा है। खिलाड़ियों के साथ-साथ अब अम्पायरिंग में भी राज्य की बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही हैं। नीतू कुमारी महतो की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक मिसाल साबित होगी।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी अम्पायर बनीं नीतू कुमारी महतो
28
May