उपशीर्षक:
पेरिस ओलंपिक के बाद नई ऊर्जा के साथ तैयारी शुरू, 200 मीटर बटरफ्लाई में पदक जीतने का लक्ष्य
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारत के अनुभवी तैराक साजन प्रकाश पेरिस ओलंपिक के बाद लिए गए विश्राम के पश्चात एक बार फिर प्रतिस्पर्धी तैराकी में वापसी के लिए तैयार हैं। उनका लक्ष्य आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में भारत के लिए पदक जीतना है। साजन का मानना है कि ब्रेक ने उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से तरोताजा किया है, जिससे अब वे नई ऊर्जा और बेहतर तैयारी के साथ पूल में उतरेंगे।
[news_related_post]स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एसएआई) से बातचीत में साजन ने कहा कि लंबे समय तक लगातार अभ्यास और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के बाद शरीर और मन को पर्याप्त आराम देना भी खिलाड़ी के प्रदर्शन का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। उनके अनुसार इस रिकवरी अवधि ने उन्हें फिर से पूरी क्षमता के साथ प्रशिक्षण शुरू करने में मदद की है।
32 वर्षीय साजन फिलहाल अपनी पूरी तैयारी 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा पर केंद्रित कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने पूर्व भारतीय तैराक और एशियन गेम्स पदक विजेता संदीप सेजवाल को अपना कोच बनाया है। दोनों मिलकर तकनीक, फिटनेस और रेस रणनीति को और बेहतर बनाने पर काम कर रहे हैं।
साजन का कहना है कि कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स जैसे बड़े टूर्नामेंटों में जीत और हार का अंतर अक्सर कुछ सेकंड का होता है। ऐसे में उनका पूरा ध्यान फिटनेस, तकनीकी सुधार और छोटी-छोटी कमियों को दूर करने पर है। उन्होंने विश्वास जताया कि कड़ी मेहनत और सही तैयारी के दम पर वे आने वाले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के लिए पदक जीतने का लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।