77 पुरुष और 48 महिला खिलाड़ी 13 खेलों में लेंगे हिस्सा, मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन होंगी भारतीय दल की ध्वजवाहक
ग्लासगो (स्कॉटलैंड)। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत इस बार 125 खिलाड़ियों का दल उतार रहा है। 23 जुलाई से शुरू होने वाली प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ी 13 विभिन्न खेलों में चुनौती पेश करेंगे। दल में 77 पुरुष और 48 महिला खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि पैरा स्पोर्ट्स के एथलीट भी भारतीय अभियान का हिस्सा होंगे।
भारतीय दल में सबसे अधिक 32 खिलाड़ी एथलेटिक्स से हैं। इसके अलावा मुक्केबाजी और जूडो में 14-14 तथा भारोत्तोलन में 12 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पिछले राष्ट्रमंडल खेलों की तुलना में इस बार भारतीय दल का आकार छोटा है, लेकिन पदक तालिका में प्रभावशाली प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
[news_related_post]भारतीय ओलंपिक संघ ने भारोत्तोलक मीराबाई चानू और मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन को संयुक्त रूप से दल का ध्वजवाहक नियुक्त किया है। दोनों खिलाड़ियों को यह जिम्मेदारी मिलना भारतीय खेलों में महिला खिलाड़ियों की बढ़ती भूमिका का प्रतीक माना जा रहा है।
इस संस्करण के लिए खेल मंत्रालय ने कुछ नई व्यवस्थाएं भी लागू की हैं। खिलाड़ियों और अधिकारियों का बैकग्राउंड सत्यापन अनिवार्य किया गया है। निजी कोचों को आधिकारिक दल में शामिल नहीं किया जाएगा तथा प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रदर्शन रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। साथ ही दल के साथ जाने वाले कुछ पदाधिकारियों के खर्च को लेकर भी नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
भारतीय टीम में एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, जूडो, भारोत्तोलन, तैराकी, ट्रैक साइकिलिंग, लॉन बॉल, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स, 3×3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल, पैरा एथलेटिक्स, पैरा पावरलिफ्टिंग और पैरा तैराकी सहित विभिन्न खेलों के अनुभवी और युवा खिलाड़ी शामिल हैं। नीरज चोपड़ा, मीराबाई चानू, श्रीहरि नटराज, साजन प्रकाश और लवलीना बोरगोहेन जैसे कई प्रमुख खिलाड़ी भारत की पदक उम्मीदों को मजबूत करेंगे।
भारतीय खेल प्रेमियों की निगाहें अब ग्लासगो में होने वाले मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां टीम इंडिया बेहतर प्रदर्शन कर अधिक से अधिक पदक जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।