Chhattisgarh, Sports News

छत्तीसगढ़ में खेल विकास को मिलेगी नई दिशा, स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव से तैयार होगा भविष्य का रोडमैप

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित राज्य स्तरीय स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। समापन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भाग लेते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने और खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए प्रोत्साहन राशि प्रदान की। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।

स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में देश के विभिन्न हिस्सों से आए खेल विशेषज्ञों, खेल प्रशासकों, नीति निर्माताओं, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट्स, अनुभवी खिलाड़ियों तथा खेल संघों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विभिन्न तकनीकी सत्रों में खिलाड़ियों की पहचान, आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था, खेल विज्ञान, कोचिंग, खेल अधोसंरचना के विकास तथा राज्य में खेलों के समग्र विस्तार जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

[news_related_post]

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि कॉन्क्लेव के दौरान प्राप्त सुझावों और विशेषज्ञों की अनुशंसाओं के आधार पर राज्य में खेलों के विकास के लिए एक प्रभावी और दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ और अधिक अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।

यह कॉन्क्लेव राज्य में खेलों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे भविष्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *