BIHAR, फ़ुटबॉल

बिहार की बेटी श्रुति कुमारी एएफसी अंडर-20 एशियाई कप में भारत का करेंगी प्रतिनिधित्व

सीवान, 30 मार्च। बिहार के सीवान जिले की उभरती फुटबॉल खिलाड़ी श्रुति कुमारी को भारतीय अंडर-20 महिला फुटबॉल टीम में शामिल किया गया है। यह टीम एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप थाईलैंड 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। मुख्य कोच जोआकिम एलेक्जेंडरसन द्वारा घोषित 23 सदस्यीय टीम में श्रुति का चयन राज्य के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है।

करीब दो दशकों के बाद भारतीय टीम ने इस बड़े टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया है, जिससे खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है। भारत अपना पहला मुकाबला 2 अप्रैल को थम्मासैट स्टेडियम में जापान के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 5 अप्रैल को ऑस्ट्रेलिया और 8 अप्रैल को चीनी ताइपे से भिड़ंत होगी। ग्रुप चरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें आगे क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी।

[news_related_post]

इस प्रतियोगिता का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाली चार टीमें फीफा अंडर-20 महिला विश्व कप पोलैंड 2026 के लिए क्वालीफाई करेंगी।

टीम ने टूर्नामेंट से पहले अच्छी तैयारी की है। 20 मार्च को टीम बैंकॉक पहुंची, जहां खिलाड़ियों ने स्थानीय माहौल के अनुसार खुद को तैयार किया। इससे पहले बेंगलुरु में ट्रेनिंग कैंप और स्वीडन में अभ्यास मैचों के जरिए टीम ने अपनी तैयारी को मजबूत किया।

अंतिम टीम चयन से पहले 24 खिलाड़ियों को शामिल किया गया था, लेकिन अंतिम सूची में 23 खिलाड़ियों को जगह दी गई, जिसमें एक खिलाड़ी को बाहर कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *